देशदीपक यादव पर हमले के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता गया, गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक के पास से तमंचा-कारतूस बरामद — फरार साथियों की तलाश जारी
फिरोजाबाद।
नगर निगम पार्षद देशदीपक यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कस दिया है। इस प्रकरण में शामिल कई आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, अब उन्हें संगठित अपराधी घोषित कर कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस की इस सख्ती से अपराधी तत्वों में खौफ साफ नजर आ रहा है।
नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में थाना दक्षिण पुलिस ने 2 जनवरी 2026 को गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी धरपकड़ को लेकर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है—
1️⃣ अमन शिवहरे, निवासी नई बस्ती, जैन मंदिर के पास
2️⃣ आकाश यादव उर्फ नंदकिशोर, निवासी मोहल्ला कोटला, स्टेशन रोड
3️⃣ आकाश कश्यप, निवासी जैन नगर
पुलिस टीम ने आकाश कश्यप को मुस्ताबाद चौराहे के पास निर्माणाधीन मकान से पकड़ा, जहां से एक अवैध तमंचा और 12 बोर का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं अन्य दोनों अभियुक्तों को करबला चौराहा और बस स्टैंड गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार इनके खिलाफ मु0अ0सं0 01/2026 में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। तमंचा बरामदगी के लिए अलग से आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा कायम किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देशदीपक पार्षद पर हुए हमले के बाद से ही आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई साफ संकेत देती है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।