नोएडा में मोबाइल चोरी गैंग का भंडाफोड़, 821 स्मार्टफोन बरामद — आठ आरोपी पकड़े गए
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस को छापेमारी के दौरान 821 चोरी के मोबाइल फोन मिले हैं, जिनकी कीमत करीब छह से आठ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस गिरोह में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी कहां के रहने वाले?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंदा महतो, रोहित सैनी, श्याम राय, भरतीया महतो, शेखर और प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से अधिकतर लोग बिहार और झारखंड के निवासी हैं।
इस तरह करते थे चोरी
सर्दियों में ज्यादातर लोग मोबाइल फोन जैकेट और ऊपरी जेब में रखते हैं। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऐसे लोगों को ही टारगेट बनाते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को इकट्ठा कर बिहार और झारखंड भेज दिया जाता था, जहां इन्हें आगे बेच दिया जाता था।
पुलिस की कार्रवाई
नोएडा पुलिस को सूचना मिली थी कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय है। इसके बाद पुलिस टीम ने टेक्निकल इनपुट और मुखबिर की जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद कर लिए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी के फोन कहां-कहां सप्लाई किए गए और गिरोह में कितने लोग शामिल थे।