नीम करोली बाबा जन्म स्थान जाने वाले मार्ग का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, 5.5 मीटर चौड़ीकरण के दिए निर्देश
फिरोज़ाबाद। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ पूज्य नीम करोली बाबा के जन्म स्थान को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क चौड़ीकरण पर विशेष फोकस किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए सड़क को 5.5 मीटर तक चौड़ा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संकरी सड़क के कारण श्रद्धालुओं को जाम और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिसे हर हाल में दूर किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग चौड़ीकरण का विस्तृत प्रोजेक्ट (डीपीआर) तत्काल तैयार कर धर्मार्थ कार्य विभाग और लोक निर्माण विभाग को भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि नीम करोली बाबा का जन्म स्थान न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि धार्मिक पर्यटन के लिहाज़ से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। सड़क चौड़ी होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
इस दौरान उप ज़िलाधिकारी टुंडला, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।