नाश्ते की दुकान में सो रहे व्यक्ति की हत्या, क्षेत्र में फैली सनसनी
फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के जरौली चौराहे स्थित सागर रत्न होटल के पास एक नाश्ते की दुकान में सो रहे व्यक्ति की हत्या के बाद शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय तेजपाल सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी गांव उलाऊ, थाना टूंडला के रूप में हुई है।
मृतक के चेहरे, सिर और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, कई थानों की पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और मामले की पड़ताल में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार तेजपाल सिंह पहले फिरोजाबाद की एक कांच फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करते थे। कुछ समय पहले काम बंद होने के कारण उन्होंने करीब आठ दिन पहले ही जरौली चौराहे पर एक खोखा रखकर नाश्ते की दुकान शुरू की थी। दुकान पर उनका इकलौता बेटा कौशल भी उनकी मदद करता था।
बताया गया है कि तेजपाल रोजाना दुकान बंद करने के बाद अपने गांव उलाऊ जाकर खाना खाते थे और फिर रात में दुकान पर ही आकर सो जाते थे। रविवार रात करीब 9 बजे भी वह घर से खाना खाकर दुकान पर सोने आए थे।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे उनका बेटा कौशल दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसने अपने पिता का खून से लथपथ शव देखा। यह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियों की शादी अभी बाकी है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।