नगला सिंघी के यमुना घाट पर युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए
फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गदलपुरा यमुना घोड़ी घाट पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान राहुल वर्मा (20 वर्ष) पुत्र मुन्ना लाल, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, देवरी रोड, आगरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राहुल को 14 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे उसके पड़ोसी जगवीर पुत्र उमेश घर से बहला-फुसलाकर साथ ले गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने बताया कि बाद में जगवीर ने सूचना दी कि रहनकला यमुना एक्सप्रेस-वे पर सेल्फी लेते समय राहुल यमुना नदी में गिर गया। इसके बाद परिवार और पुलिस द्वारा तलाश की गई, लेकिन कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के सातवें दिन नगला सिंघी क्षेत्र के गदलपुरा घोड़ी घाट पर यमुना में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव को सबसे पहले मृतक के बुआ के बेटे प्रमोद और राजा ने देखा, जो डौकी थाना क्षेत्र से यमुना में तलाश करते हुए आ रहे थे। उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई अमित वर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण शव की तलाश में सात दिन लग गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शव तलाशने के नाम पर धन की मांग की गई।
परिजनों ने बताया कि राहुल की नौ माह पूर्व शादी हुई थी। पत्नी हेमलता और मां ओमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
Oplus_16908288