पीसीटी
समाचार

नए शैक्षिक सत्र 2026-27 को लेकर निर्देश जारी, नियमों के पालन के बिना नहीं चलेगा निजी विद्यालय संचालन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी फिरोजाबाद ने मान्यता, शुल्क, एनसीईआरटी पाठ्यक्रम, आरटीई प्रवेश व वाहन फिटनेस समेत कई बिंदुओं पर सख्त अनुपालन के दिए आदेश

फिरोजाबाद। जनपद के समस्त निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विस्तृत विभागीय निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार, सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों को निर्धारित नियमों का प्रत्येक दशा में पालन करते हुए ही विद्यालय संचालन करना होगा।
निर्देशों के अनुसार विद्यालय परिसर में मान्यता का प्रकार, मान्यता स्तर की कक्षाएं, शिक्षण माध्यम तथा यू-डायस कोड स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य रहेगा। बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के पाठ्यक्रम या यूनिफॉर्म में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। ऐसा पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालयों को शासनादेश के अनुरूप ही शिक्षण शुल्क व अन्य शुल्क लेने होंगे। शुल्क वृद्धि की स्थिति में सक्षम समिति से पूर्व अनुमति आवश्यक होगी। साथ ही विद्यालय परिसर से यूनिफॉर्म और पाठ्य-पुस्तकों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा विद्यार्थियों के स्कूल बैग का वजन भी शासन के मानकों के अनुरूप रखना होगा।
आदेश में यह भी अनिवार्य किया गया है कि एनसीईआरटी पाठ्यक्रम का प्रयोग किया जाए। विद्यालय वाहन या अन्य माध्यम से उपलब्ध परिवहन की स्थिति में वाहन फिटनेस और चालक का सत्यापन कर अभिलेख सुरक्षित रखना होगा। आरटीई के अंतर्गत प्रवेशित बच्चों का विवरण समय से ऑनलाइन पोर्टल व यू-डायस पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा, अन्यथा शुल्क प्रतिपूर्ति संभव नहीं होगी और इसकी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।
जिला स्तर से लेकर तहसील व ब्लॉक स्तर तक अधिकारी आगामी सत्र में विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे। यदि बिना मान्यता विद्यालय संचालन, नियमों की अवहेलना या निर्देशों का उल्लंघन पाया गया तो मान्यता नियमावली तथा निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 की धारा 18 के तहत अर्थदंड या मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन से आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *