ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ फिरोजाबाद पुलिस का विशेष अभियान, तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर हटवाए
फिरोजाबाद, 24 मार्च 2026।
जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने उन लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की, जिनकी ध्वनि निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने ध्वनि स्तर की जांच की और मानक से अधिक आवाज करने वाले लाउडस्पीकरों को तत्काल प्रभाव से हटवा दिया।
इसके साथ ही आयोजकों और संबंधित व्यक्तियों को ध्वनि प्रदूषण नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सख्त निर्देश दिए गए कि भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
फिरोजाबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।