धोखाधड़ी मामले में शिकोहाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पति-पत्नी गिरफ्तार
फिरोजाबाद।
जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में धोखाधड़ी के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिकोहाबाद पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित अभियुक्त रायसिंह उर्फ विशाल उर्फ कोठारी पुत्र जोर सिंह तथा अभियुक्ता पिंकी पत्नी रायसिंह उर्फ विशाल उर्फ कोठारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त मूल रूप से ग्राम भूड़ गड्डा थाना एका, जनपद फिरोजाबाद के निवासी हैं और वर्तमान में शंभू नगर, शिकोहाबाद में रह रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरदयाल एनक्लेव, शंभू नगर स्थित उनके आवास पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।