पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद | 29 जनवरी | सू0वि0
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फॉर्म-6 (नए मतदाता पंजीकरण) की प्रगति बेहद धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के क्षेत्रों में फॉर्म-6 जमा करने की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष अत्यंत कम है, कुछ स्थानों पर यह 4 प्रतिशत से भी नीचे रही। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित एईआरओ का आज का वेतन काटने के निर्देश दिए।
खराब प्रगति वाले अधिकारियों में आशीष पाल, योगेंद्र कटियार, राजेश पाल, राजेश कुमार, डॉ. यतेंद्र सिंह, शौर्य कुमार, सुनीता दुबे, मयंक यादव, डॉ. रविकांत आदि के नाम प्रमुख रूप से सामने आए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक एईआरओ अपने क्षेत्र में कम से कम 15 प्रतिशत फॉर्म-6 जमा सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में बीएलओ का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे बॉटम श्रेणी में चल रहे एईआरओ को तकनीकी व प्रशासनिक सहयोग प्रदान करें, ताकि डाटा फीडिंग की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि समय सीमित है, ऐसे में कार्य की गति बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्देश्य किसी अधिकारी को परेशान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *