डीएम ने सांती गौशाला का किया औचक निरीक्षण, सामाजिक गतिविधि केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश
फिरोजाबाद, 27 जनवरी।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने विकास खण्ड हाथवंत अंतर्गत स्थित सांती गौशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश संरक्षण की स्थिति की समीक्षा की और गौशाला को केवल पशु आश्रय स्थल तक सीमित न रखकर सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि गौशाला में वर्तमान में कुल 154 गौवंश संरक्षित हैं। पशुओं के लिए 5 शेड निर्मित हैं तथा गौशाला के संचालन हेतु तीन केयर टेकर तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने केयर टेकरों को निर्देशित किया कि गौवंशों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर के समग्र विकास हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि परिसर के अंदर आवागमन को सुगम बनाने के लिए इंटरलॉकिंग कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही मौजूद मंडप की रंगाई-पुताई कर उसे आकर्षक स्वरूप दिया जाए।
युवाओं और स्थानीय नागरिकों को गौशाला से जोड़ने के उद्देश्य से बैडमिंटन कोर्ट निर्माण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए गौशाला परिसर में चाय की दुकान खोलने की योजना बनाई जाए, जिससे आगंतुकों को सुविधा मिले और महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गौशाला में सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि आमजन का जुड़ाव गौवंशों से बढ़े और यह स्थल एक जीवंत सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित कार्यों को समयबद्ध सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि सांती गौशाला जिले के लिए आदर्श मॉडल बन सके।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।