पिंक सिटी टाइम्स

जॉयंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति का 26वां अधिष्ठापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न
फिरोजाबाद।
जॉयंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति का 26वां अधिष्ठापन समारोह गणेश नगर स्थित सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्षा सीमा अग्रवाल ने विधिवत पदभार ग्रहण किया और सेवा कार्यों को निष्ठा व समर्पण के साथ करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्व उपाध्यक्ष एस.पी. चतुर्वेदी, केंद्रीय समिति सदस्य डॉ. शिवराज सिंह यादव एवं फेडरेशन अध्यक्ष विपिन मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का तिलक व पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
दीक्षा अधिकारी प्राची अग्रवाल ने अध्यक्षा सीमा अग्रवाल, इंटरनल उपाध्यक्ष मोनिका रानीवाला, एक्सटर्नल उपाध्यक्ष एकता मित्तल, सचिव दीपाली सिंघल एवं कोषाध्यक्ष गौरी बंसल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। महिला शक्ति की सदस्यों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे कार्यक्रम का वातावरण भावविभोर हो उठा।
सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एक जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सिलाई मशीन भेंट की गई, जिसे उपस्थित अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर विशेष समिति सदस्य उषा यादव, फेडरेशन उपाध्यक्ष सौम्या चौहान, फेडरेशन सचिव नितिन वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने प्रेरणादायी विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन कल्पना राजोरिया एवं रेनू अरोरा ने संयुक्त रूप से किया। सचिव दीपाली सिंघल ने जनवरी माह में किए गए सेवा कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कोषाध्यक्ष गौरी बंसल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह के अंत में अतिथियों एवं सहयोगियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्रुप की सभी सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *