जिलाधिकारी ने नगर पंचायत मक्खनपुर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों को फटकार
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ नगर पंचायत मक्खनपुर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों में लापरवाही व अनियमितताएं सामने आईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले मीटिंग हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मीटिंग हॉल की क्षमता बढ़ाकर कम से कम 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान हॉल में रखे फर्नीचर की गुणवत्ता भी खराब पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए फर्नीचर खरीद प्रक्रिया और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।
राजस्व कर की समीक्षा के दौरान वॉटर टैक्स और हाउस टैक्स की वसूली स्थिति अत्यंत खराब मिली। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि वसूली में लापरवाही बरतने वाले पटल सहायकों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा शत-प्रतिशत वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने साफ चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और टैक्स वसूली का लक्ष्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत के नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन इसी माह हर हाल में कराया जाए।