जिलाधिकारी ने की मतदाता सूची पुनरीक्षण पर समीक्षा बैठक, राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तथा विधान परिषद आगरा खंड (स्नातक एवं शिक्षक) निर्वाचन की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में नो-मैपिंग से संबंधित आंकड़ों का शत-प्रतिशत सुधार कराया जाना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा की गई, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 20 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे मतदाता, जिनके नाम मतदाता सूची में त्रुटिपूर्ण रूप से दर्ज हो गए हैं, उनसे फॉर्म-8 भरवाया जाए। वहीं नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक प्राप्त होने वाले दावा और आपत्तियों के निस्तारण की समय-सीमा तय की गई है। इस अवधि में प्राप्त सभी आवेदनों की सावधानीपूर्वक जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति अनिवार्य रूप से करें। ये एजेंट बीएलओ के साथ समन्वय कर पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने एवं त्रुटियों को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। इसलिए सभी राजनीतिक दल इस कार्य में सक्रिय सहयोग दें।
बैठक में डॉ. विजय आर्य (जिला उपाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी), शैलेंद्र शुक्ला (जिला महासचिव, कांग्रेस), नवल सिंह एडवोकेट (जिला मंत्री, भाकपा माक्र्सवादी), उदय प्रताप सिंह (जिला अध्यक्ष, भाजपा), धर्मेंद्र शर्मा एवं ब्रह्मदत्त (आम आदमी पार्टी), यादवेंद्र सिंह (जिला अध्यक्ष बसपा), सोनू भारती (आगरा मंडल प्रभारी) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।