जसराना में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 88 जोड़ों का विवाह सम्पन्न
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जसराना ब्लॉक स्थित शारदा रिसोर्ट में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 3 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 88 जोड़ों ने वैदिक एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे का हाथ थामकर दाम्पत्य जीवन की शुरुआत की।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को सरकार द्वारा निर्धारित वैवाहिक सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसमें साड़ी-ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, पैंट-शर्ट का कपड़ा, फेंटा/गमछा, चांदी की पायल व बिछिया, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूल केज, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, पिलो कवर, कंबल, गद्दा/मैट्रेस, तकिया, सिंघोरा, चूड़ी-कंगन, ड्राई फ्रूट्स, मिष्ठान सहित अन्य आवश्यक गृहस्थी का सामान शामिल रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक एकजुटता को मजबूत करती है। 88 जोड़ों को नई जिंदगी की शुरुआत करते देखना अत्यंत सराहनीय है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रमुख है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कन्याओं का विवाह कराया जाता है और गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि योजना की जानकारी अन्य पात्र लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इसका लाभ ले सकें।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जसराना संध्या राजपूत, बीडीओ जितेन्द्र सिंह, स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वर-वधू पक्ष के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।