जसराना ब्लॉक में 116 लाभार्थियों को मिले मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र, पक्के घर का सपना हुआ साकार
फिरोजाबाद | 13 जनवरी
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जसराना ब्लॉक में 116 पात्र लाभार्थियों को पक्का मकान निर्माण हेतु प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए, जिससे उनके वर्षों पुराने पक्के घर के सपने को नई उम्मीद मिली।
यह योजना उन निर्धन और बेघर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो अब तक कच्चे मकानों या झोपड़ियों में रहने को मजबूर थे। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि योजना का लाभ पूर्ण पारदर्शिता के साथ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रमाण पत्र प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। कई लाभार्थियों ने भावुक होकर सरकार का आभार जताया और कहा कि अब उनका पक्के घर का सपना शीघ्र हकीकत में बदलने जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और स्थायी आश्रय का मजबूत आधार है।
प्रमाण पत्र प्राप्त करने वालों में प्रमुख रूप से कमला देवी, राजेश कुमार, मानपाल सिंह, अजय कुमार, प्रमोद कुमार, कमलेश, वरुण कुमार और सरिता शामिल रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जसराना संध्या लोधी, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।