छात्राओं के सपनों को मिले पंख: मुथूट फाइनेंस व कोमल फाउंडेशन ने बांटी साइकिलें
25 जरूरतमंद छात्राओं को मिली साइकिल, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा कदम
फिरोजाबाद।
बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कोमल फाउंडेशन ने मुथूट फाइनेंस के सहयोग से श्रीमती रेवती देवी बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, पैमेश्वर गेट में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान 25 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह पहल उनके स्कूल आने-जाने को आसान बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया, मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सोनम सेठ मौजूद रहीं।
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी पहलें छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उनकी पढ़ाई में निरंतरता लाती हैं।
कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि संस्था का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जबकि मुथूट फाइनेंस के प्रतिनिधि ने बताया कि संस्था सीएसआर के तहत समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में ताज सेवा समिति के अध्यक्ष सलीम धम्मू सहित कोमल फाउंडेशन के पदाधिकारी, विद्यालय स्टाफ और शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।