चुल्हावली गांव में पैनामार होली की धूम: महिलाओं ने पैना बरसाकर पुरुषों को दौड़ाया, ठहाकों से गूंजा गांव
फिरोजाबाद। जनपद के चुल्हावली गांव में होली के अवसर पर अनोखी पैनामार होली का आयोजन किया गया। इस परंपरागत उत्सव में महिलाओं ने हाथों में पैना लेकर पुरुषों पर प्रेम भरे अंदाज में पैना बरसाए, जिससे पूरे गांव में हंसी-ठहाकों और उल्लास का माहौल बन गया।
टूंडला जंक्शन से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित चुल्हावली गांव में हर साल की तरह इस बार भी पैनामार होली का मेला लगा। बुधवार की शाम ढलते ही गांव के चौक पर महिलाएं एकत्रित हो गईं और पारंपरिक होली गीतों के बीच उत्सव की शुरुआत हुई। “आज ब्रज में होली रे रसिया” जैसे गीतों की धुन पर महिलाएं और युवक झूमते नजर आए।
लट्ठमार होली की तर्ज पर निभाई जाती है परंपरा
यह अनोखी परंपरा ब्रज की प्रसिद्ध लट्ठमार होली की तर्ज पर निभाई जाती है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां लट्ठ के बजाय ‘पैना’ का इस्तेमाल किया जाता है। जैसे ही पुरुष महिलाओं पर रंग डालते हैं, महिलाएं घूंघट की ओट से प्रेम भरे अंदाज में पैना चलाना शुरू कर देती हैं।
इस दौरान ससुर, जेठ और पति सहित कोई भी पुरुष पैना मार से नहीं बच पाया। महिलाएं हंसी-मजाक के बीच पुरुषों के पीछे दौड़ती रहीं और पूरा गांव रंग-गुलाल तथा ठहाकों से सराबोर हो गया।
प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
पैनामार होली को और रोचक बनाने के लिए प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें सबसे अधिक पैना मारने वाली महिलाओं और सबसे अधिक पैना खाने वाले पुरुषों को पुरस्कृत किया गया। इससे कार्यक्रम में और भी उत्साह देखने को मिला।
आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोग
इस अनोखे मेले को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रंग, गुलाल और पारंपरिक व्यंजनों के बीच ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।