पीसीटी
समाचार

फिरोजाबाद। चन्द्रनगर स्थित निर्माणाधीन यज्ञशाला, बच्चू बाबा आश्रम (निकट राजा का लाल पुलिस चौकी) में 6 मार्च से 17 मार्च तक 1108 कुण्डीय मृत्युंजय माँ पीतांबरा महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। पूज्य गुरुदेव श्री रामदास जी महाराज ने प्रेस वार्ता में महायज्ञ की तिथिवार रूपरेखा, आध्यात्मिक उद्देश्य और सामाजिक-सांस्कृतिक आयामों की विस्तार से जानकारी दी।
गुरुदेव ने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में समरसता, वैचारिक शुद्धि, सांस्कृतिक जागरण और लोककल्याण की भावना को सशक्त करने का व्यापक आध्यात्मिक अभियान है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायं वैदिक मंत्रोच्चार, तीन पालियों में हवन, विशेष पूजन, संत-समागम और विविध संस्कार कार्यक्रम संपन्न होंगे।
तिथिवार कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
6 मार्च – प्रातः शुभारंभ, प्रायश्चित कर्म, नांदीमुख श्राद्ध एवं वैदिक अनुष्ठानों के साथ महायज्ञ का विधिवत प्रारंभ।
7 मार्च – दोपहर 12 बजे मातृशक्ति की विशाल कलश यात्रा यज्ञशाला से प्रारंभ होकर राजा का लाल होते हुए बाईपास वैष्णो धाम अंडरपास मार्ग से पुनः यज्ञशाला पहुंचेगी। सभी माताओं-बहनों से पीत वस्त्र धारण कर श्रद्धा भाव से कलश लेकर समय पर पहुंचने का अनुरोध किया गया है। यात्रा के उपरांत प्रसाद वितरण होगा।
8 मार्च – वेदी पूजन, मंडप प्रवेश एवं यज्ञशाला संस्कार।
इसी दिन अरण्य मंथन द्वारा अग्नि प्राकट्य कर नियमित आहुतियों का आरंभ होगा।
8 मार्च से प्रतिदिन (दोपहर 1:00 से 5:30 बजे तक) – अंतर्राष्ट्रीय कथाकार एवं समाज सुधारक आचार्य मनोज अवस्थी के मुखारविंद से रामकथा का आयोजन।
9 मार्च से 15 मार्च तक – प्रतिदिन तीन पालियों में हवन, यजमान सहभागिता, संत प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।
15 मार्च – पूर्णाहुति एवं विशेष महापूजन।
16 मार्च – भंडारा एवं प्रसाद वितरण।
17 मार्च – समापन समारोह एवं आशीर्वचन।
गुरुदेव ने कहा कि रामकथा और महायज्ञ का यह समन्वय आध्यात्मिक ऊर्जा को द्विगुणित करेगा। वैदिक अग्नि में आहुति से वातावरण एवं चेतना का शुद्धिकरण होगा, वहीं रामकथा से धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।
आयोजन समिति ने नगर, प्रदेश और देशभर के श्रद्धालुओं से महायज्ञ में सहभागिता का आह्वान किया है। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे इस आध्यात्मिक महोत्सव के उद्देश्य और कार्यक्रम को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाएं।
चन्द्रनगर की पावन भूमि पर आयोजित यह 1108 कुण्डीय मृत्युंजय माँ पीतांबरा महायज्ञ नगर के आध्यात्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है।
— आयोजन समिति
चन्द्रनगर (फिरोजाबाद)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *