गैस सिलेंडर हादसा: झुलसे मासूम हिमांशु की आगरा में इलाज के दौरान मौत, तीन भाई-बहन अस्पताल में भर्ती
फिरोजाबाद।
थाना दक्षिण क्षेत्र के मालवीय नगर में शुक्रवार को हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग से झुलसे चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हिमांशु ने शनिवार को आगरा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी हाल ही में ऑपरेशन के चलते सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। पत्नी की देखभाल के लिए धर्मेंद्र अस्पताल में मौजूद थे। घर पर बड़ी बेटी अनन्या अपने छोटे भाई-बहन सूरज, काजल और हिमांशु के साथ खाना बना रही थी।
इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। चंद सेकेंड में आग ने विकराल रूप ले लिया और चारों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हिमांशु की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बाकी तीन बच्चों का उपचार अभी जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद हरिओम गुप्ता मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। वहीं सदर विधायक मनीष असीजा भी अस्पताल पहुंचे, उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आर्थिक रूप से पहले से संघर्ष कर रहा परिवार अब इस त्रासदी से पूरी तरह टूट चुका है। मासूम की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बाइट – हरिओम गुप्ता (स्थानीय पार्षद)
“आग बहुत तेजी से फैली थी, आसपास के लोगों ने तुरंत मदद की। प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।”