खाई में गिरी बाइक, पुत्र की मौत, पिता गंभीर घायल
फिरोजाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों आगरा से दवा लेकर अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला मदना निवासी सुनील कुमार अपने पुत्र दीपक कुमार के साथ बाइक से आगरा से दवा लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कोटला रोड स्थित साती के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दीपक कुमार पुत्र सुनील कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सुनील कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
Oplus_16908288