पीसीटी
समाचार

एसएसपी सौरभ दीक्षित ने किया थाना जसराना का वार्षिक निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फिरोजाबाद। जनपद के थाना जसराना में सोमवार को वार्षिक निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय तथा साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अभिलेखों के संधारण, अपराध नियंत्रण, विवेचना की प्रगति और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई को गंभीरता से लेने, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। उपनिरीक्षक सुधीर कुमार को शस्त्रों की जानकारी में दक्षता, महिला मुख्य आरक्षी अनुपमा सिंह को आईजीआरएस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा महिला आरक्षी सुमन भदौरिया को मिशन शक्ति के अंतर्गत बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया।
अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *