पिंक सिटी टाइम्स

एफ.एस. विश्वविद्यालय में वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ
फिरोजाबाद।
एफ.एस. विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में सत्र 2026-27 की वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ सोमवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन तिरुपति ग्रुप के संतोष यादव, कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव, प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव एवं डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज तथा महानिदेशक डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं सरस्वती माँ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।
उद्घाटन के साथ ही क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, 100 मीटर, 200 मीटर व 500 मीटर दौड़, गोला फेंक सहित अनेक खेल प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग ले रही दोनों टीमों के कप्तानों को आमंत्रित कर टॉस कराया तथा खिलाड़ियों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल-कूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का भी विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने बताया कि इस वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से लगभग 1200 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं के शुभारम्भ के साथ ही पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने को मिला।
खेल-कूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी गजेन्द्र यादव एवं डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में निभाई जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *