पिंक सिटी टाइम्स

एटा में दिल दहला देने वाला पारिवारिक हत्याकांड, आरोपी निकला घर का ही सदस्य
एटा। जनपद एटा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला नगला प्रेमी में 19 जनवरी 2026 को सामने आए चारहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों की नृशंस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस बल, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर के अंदर गंगा सिंह शाक्य (70), रत्ना देवी (40) और ज्योति (23) के शव पड़े मिले, जबकि श्यामा देवी (65) गंभीर हालत में मिलीं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में मामले की रिपोर्ट कमल सिंह द्वारा अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में घटना के समय किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश या निकास के प्रमाण नहीं मिले। इसके साथ ही मृतका ज्योति के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान फील्ड यूनिट को कमल सिंह के कपड़ों पर रक्त के निशान मिले। भौतिक, परिस्थितिजन्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि चारों हत्याएं कमल सिंह ने ही की हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बेटी की शादी में पैसों को लेकर घर में विवाद चल रहा था। गुस्से में आकर उसने एक-एक कर पत्नी, बेटी, मां और पिता पर ईंट से हमला कर हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। यह हृदयविदारक घटना घरेलू विवाद के खतरनाक अंजाम की भयावह तस्वीर पेश करती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *