आलू के खेत में मिला विशालकाय अजगर, इलाके में मचा हड़कंप
फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र अंतर्गत करहल रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आलू के खेत में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने जैसे ही करीब दस से बारह फुट लंबे अजगर को रेंगते देखा, मौके पर हड़कंप मच गया।
अजगर की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोग दूर से ही इस दुर्लभ दृश्य को देखने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के बाद टीम अजगर को अपने साथ ले गई और बाद में उसे सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अचानक खेत में अजगर मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।