पीसीटी
समाचार

आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने किया नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली का निरीक्षण, पर्यटन विकास कार्यों का लिया जायजा
फिरोजाबाद, 06 मार्च। आगरा मंडल के आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को नीब करौरी बाबा की जन्मस्थली का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि क्षेत्र में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था के लिए लगभग 222.47 लाख रुपये की लागत से एक भव्य भवन का निर्माण कराया जा रहा है। आयुक्त ने निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर तथा परिसर के भीतर बनाई जा रही सीसी रोड सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
आयुक्त ने कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाए और कार्य को तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद आयुक्त ने जिलाधिकारी रमेश रंजन के साथ नीब करौरी बाबा मंदिर में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और बाबा की प्रतिमा के समक्ष प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, अपर जिलाधिकारी विशु राजा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *