आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, थार कार ट्रक में घुसी; 6 लोग घायल
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना नसीरपुर क्षेत्र में खंभा नंबर 56 के पास तेज रफ्तार थार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण यह हादसा हुआ बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।