आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस डिवाइडर से टकराई, एक दर्जन से अधिक घायल
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस थाना नसीरपुर क्षेत्र में खंभा नंबर 55 के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब तीन बजे हुआ। बस में लगभग 45 यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, इसलिए हादसे का उन्हें पहले आभास नहीं हुआ। अचानक जोरदार झटके के साथ बस पलटने पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक दर्जन से अधिक यात्री घायल
हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEDA) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया।
घायलों को शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को फिरोजाबाद रेफर किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
(पिंक सिटी टाइम्स
Oplus_16908288