आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बस पलटने से महिला व बच्चे की मौत, एक दर्जन घायल
मैनपुरी।
आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बीती रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइल स्टोन 82.700 के पास दिल्ली से दरभंगा (बिहार) जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही सीओ अजय सिंह चौहान, एसडीएम सुनिष्ठा सिंह, प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी और अपराध निरीक्षक कैलाश बाबू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।