पीसीटी
समाचार

आगरा मंडल के आयुक्त का फिरोजाबाद दौरा: कलेक्ट्रेट व ग्लास म्यूजियम का औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों पर सख्ती
फिरोजाबाद। नगेन्द्र प्रताप, आयुक्त आगरा मंडल आगरा, ने सोमवार को फिरोजाबाद पहुंचकर कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, ऑडिट आपत्तियों के समाधान और कर्मचारियों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम का निरीक्षण
आयुक्त ने शहर स्थित ग्लास म्यूजियम और निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम की साउंड क्वालिटी उच्च स्तरीय होनी चाहिए, ताकि किसी भी सांस्कृतिक या शैक्षणिक कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट ध्वनि व्यवस्था बनी रहे। साथ ही लाइटिंग व्यवस्था को भी प्रभावी और आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने रूफ ट्रस पर उच्च गुणवत्ता की मानकानुसार रूफ शीट लगाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि परियोजना की वास्तविक उपयोगिता सिद्ध हो सके।
कलेक्ट्रेट में अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जांच
इसके बाद आयुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में अभिलेखागार, प्रशासनिक कक्ष, बंदोबस्त अधिकारी कक्ष, नजारत अनुभाग, चकबंदी एवं भूलेख विभाग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया।
सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए उन्होंने परिसर में लगे अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी डेट की जांच की और निर्देश दिया कि:
अग्निशमन यंत्रों की संख्या पर्याप्त हो,
समय-समय पर उनका नवीनीकरण किया जाए,
कर्मचारियों को आपात स्थिति में उनका उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया जाए।
समीक्षा बैठक में लंबित वादों पर सख्ती
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी रमेश रंजन, समस्त अपर जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यायालयों और कार्यालयों में लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और विभागीय कार्यवाही को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर निरीक्षण ही समस्याओं के समाधान का सबसे कारगर हथियार है, इसलिए फील्ड विजिट और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
मत्स्य पट्टों और ऑडिट आपत्तियों की समीक्षा
मत्स्य पट्टों के आवंटन की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिया कि आवंटन नियमानुसार केवल तालाबों पर ही किया जाए, खेतों पर नहीं। इसके लिए मौके पर भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने राजस्व विभाग की लंबित ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण और पत्रावलियों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों के सेवा संबंधी प्रकरण, देयक और पेंशन मामलों को भी तत्काल निस्तारित करने को कहा।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त, अपर आयुक्त आगरा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *