आईवी इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा प्रयांशी राजपूत का सीबीएसई अंडर-17 नेशनल महिला क्रिकेट टीम में चयन
फिरोजाबाद।
आईवी इंटरनेशनल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा प्रयांशी राजपूत का चयन सीबीएसई अंडर-17 राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नंदिनी यादव ने बताया कि कक्षा 11 की छात्रा प्रयांशी पिछले पाँच वर्षों से क्रिकेट खेल रही हैं और एक कुशल गेंदबाज के रूप में लगातार शानदार प्रदर्शन करती रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय की ओर से राष्ट्रीय टीम की यूनिफॉर्म भेंट की गई। प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि प्रयांशी भविष्य में भी सफलता की नई ऊँचाइयों को छूते हुए जिले और विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
कोच पावन शर्मा के अनुसार प्रयांशी का चयन पहले सीबीएसई नॉर्थ जोन टीम में हुआ था। इसके बाद नॉर्थ जोन टीम ने भोपाल में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता, जिसमें देशभर की 12 टीमों ने भाग लिया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रयांशी राजपूत का चयन राष्ट्रीय टीम में किया गया। सीबीएसई की ओर से उन्हें राष्ट्रीय टीम की यूनिफॉर्म और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया है।
विद्यालय परिवार ने प्रयांशी राजपूत को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगे चलकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश का गौरव बढ़ाएँगी।