पीसीटी
समाचार

आईवी इंटरनेशनल स्कूल का 15वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
आईवी इंटरनेशनल स्कूल में 15वां वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों डॉ. मनोज यादव, डॉ. सुनैना यादव एवं मनोज त्यागी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि गणेश वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने आनंदीबाई के जीवन पर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी, कृष्ण-रास की सुंदर झांकी पेश की और दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को विशेष एक्ट के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्साहपूर्ण पिरामिड प्रदर्शन, राजस्थानी कठपुतली नृत्य, माता-पिता के सम्मान पर आधारित नाटक, महिला-पुरुष क्रिकेट के अंतर को दर्शाती प्रस्तुति तथा शिव तांडव की प्रभावशाली झलक ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। लखनऊ घराने की कथक नृत्यांगना कृतिका सिंह की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
समारोह में मेयर श्रीमती कामिनी राठौर, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे, विधायक मुकेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का सम्मान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नवनीत सिकेरा, विद्यालय अध्यक्षा श्रीमती श्रीदेवी, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा सिकेरा, इंजीनियर गजेंद्र यादव, श्रीमती मोहिनी यादव तथा प्रिंसिपल डॉ. नंदिनी यादव द्वारा स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट कर किया गया।
मेयर कामिनी राठौर ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के महत्व पर बल दिया। वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा सिकेरा ने बताया कि विद्यालय के कई विद्यार्थी आईआईटी एवं मेडिकल संस्थानों में चयनित हुए हैं और अनेक छात्र विदेशों में शिक्षा प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल डॉ. नंदिनी यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और उत्साह से सराबोर रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *