पीसीटी
समाचार

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग-प्राणायाम व राजयोग ध्यान शिविर का शुभारंभ
फिरोजाबाद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता घटक के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा गांधी पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति के उद्देश्य से सात दिवसीय योग-प्राणायाम एवं राजयोग ध्यान शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर आयुष विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य संचालिका बीके सरिता दीदी, बीके अंजना दीदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, आयुष विभाग के डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह व डॉ. निधि, नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, खुशबू पटेल, योग प्रशिक्षिका राजमाला, योगाचार्य विष्णु तथा आशा आईटीआई के निदेशक पवन चक्रवर्ती द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवकुमार कुशवाह ने किया।
योग प्रशिक्षिका राजमाला ने उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न मुद्राएं, आसन, व्यायाम और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित कई बीमारियों में लाभ मिलता है और शरीर स्वस्थ व ऊर्जावान बना रहता है। साथ ही ओम ध्वनि के माध्यम से मन को शांत और एकाग्र करने की विधि भी बताई।
ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य संचालिका बीके सरिता दीदी ने कहा कि योग से शरीर स्वस्थ रहता है और मेडिटेशन से मन को नियंत्रित करने की शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में ऐसे कार्यक्रम केवल वरिष्ठ नागरिकों के लिए ही नहीं बल्कि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि राजयोग वास्तव में मन की एक्सरसाइज है, जो व्यक्ति को आंतरिक शांति और आत्मिक शक्ति प्रदान करता है।
बीके अंजना दीदी ने सहज राजयोग की विधि को सरल शब्दों में समझाते हुए सभी को गहन ध्यान का अभ्यास कराया, जिससे उपस्थित लोगों ने आत्मिक शांति और अतिंद्रिय सुख का अनुभव किया।
नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल ने कहा कि मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को भूलकर शरीर को ही अपनी पहचान मान बैठा है, जबकि शरीर नश्वर है और उसे संचालित करने वाली शक्ति आत्मा है। आत्मा के इस ज्ञान को भूलने के कारण ही मनुष्य कई प्रकार की चिंताओं और परेशानियों से घिर जाता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि विभाग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने जानकारी दी कि अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद के निशुल्क ऑपरेशन इसी माह कराए जाएंगे। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर, ऑर्थराइटिस और डिमेंशिया जैसी बीमारियों के उपचार और दवाइयों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए इच्छुक वरिष्ठ नागरिक विभाग में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
अंत में उन्होंने उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों, भाई-बहनों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि वे सात दिवसीय योग-ध्यान शिविर में प्रतिदिन समय से उपस्थित होकर नियमित अभ्यास करें और इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *