अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मानवाधिकार सहायता संघ ने 100 महिलाओं को किया सम्मानित
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मानवाधिकार सहायता संघ फिरोजाबाद परिवार द्वारा किड्स कॉर्नर स्कूल, गांधी पार्क चौराहा पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं, नगर निगम और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्हें समाज में अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों श्रीमती रूपाली भटनागर, डॉ. रचना जैन, निधि गुप्ता और अपर्णा कुलश्रेष्ठ द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रही करीब 100 महिलाओं को सम्मान पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मयंक भटनागर ने की, जबकि मंच संचालन सौरव लहरी ने किया। कार्यक्रम की संयोजक रमा भदोरिया रहीं तथा सह-संयोजक के रूप में संगीता मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मानवाधिकार सहायता संघ की फिरोजाबाद टीम के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजनों से उनके योगदान को सम्मान देने की प्रेरणा मिलती है।